- पांच लोग थे सवार, तीन झुलसे, अस्पताल में कराया भर्ती
बुलंदशहर में शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। मण्डकौला पुलिस चौकी क्षेत्र से गुजर रहे कुंडली मानेसर एक्सप्रेसवे पर एक कार डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार में आग लग गई। जिससे कार में सवार एक व्यक्ति जिंदा जल गया। जबकि तीन अन्य झुलस गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कार में पांच लोग सवार थे। कार सवार बुलंदशहर से एक शादी समारोह से भिवाड़ी लौट रहे थे। मण्डकौला पुलिस चौकी के दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मण्डकौला चौकी पुलिस प्रभारी सचिन ने बताया कि मृतक की पहचान बदायूं निवासी पार्थ के रूप में हुई है। जबकि घायलों में मनीष, प्रिंस एवं जितेंद्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कार पलवल की तरफ से भिवाड़ी जा रही थी। अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए बरेली निवासी जुनैद खान ने बताया कि वह निजी कंपनी में भिवाड़ी राजस्थान में सर्विस करता है। शुक्रवार रात को कंपनी में ही काम करने वाले कर्मचारी ललित कुमार की बुलंदशहर में शादी थी। उनके कई सहकर्मी निजी कार बुक कर शादी में गए थे। कार में ड्राइवर रविन्द्र के अलावा बदायूं का रहने वाला पार्थ, मुरादाबाद का रहने वाला प्रिंस, पलवल के रहने वाले मनीष एवं जितेंद्र सवार थे। कुंडली मानेसर एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकराकर पचास फीट तक घिसटती गई। 24 वर्षीय पार्थ कार में ही रह गया वह जिंदा जल गया। एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सबको जिला अस्पताल पलवल ले जाया गया।
सीट बेल्ट लॉक होने से बाहर नहीं निकल पाया पार्थ
सड़क दुर्घटना में बदायूं निवासी मृत पार्थ भिवाड़ी की जेके पेंट मैक्स कम्पनी में बतौर केमिकल इंजीनियर काम करता था। कार के अगले भाग में वह शीट बेल्ट लगाकर बैठा था। कार में आग लगते ही शीट बेल्ट लॉक हो गया। इस कारण वह तुरंत बाहर नहीं निकल पाया। जिससे उसकी मौत हो गई।
वर्जन
घायल मनीष के बयान पर कार चालक रविन्द्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सचिन, मण्डकौला चौकी पुलिस प्रभारी