-शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव मीतरोल के समीप कैंटर व ट्राला की भिड़ंत में कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि कोट गांव के समीप बाइक के पास खड़े युवकों को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक का पैर कट गया। संबंधित थाना पुलिस ने शिकायतों के आधार पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पहले मामले में यूपी के काशीपुर निवासी विनोद कुमार ने मुंडकटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह कैंटर पर परिचालक का काम करता है। वह अपने गांव के चालक शिवकुमार के साथ कैंटर में सामान भरकर कानपुर से फरीदाबाद के लिए चले थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गांव मीतरोल के समीप आगे चल रहे ट्राला चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे शिव कुमार अपने कैंटर को संभाल नहीं पाया और कैंटर-ट्राला से जा टकराया। हादसे में शिव कुमार केबिन में फंस गया, जबकि उसे मामूली चोटें आईं। लोगों की मदद से उसने चालक शिव कुमार को कैंटर से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल लेकर पहुंचा। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने शिव कुमार को हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर कैंटर मालिक अस्पताल पहुंच गया और घायल चालक शिव कुमार को उपचार के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। उपचार के दौरान शिव कुमार ने दम तोड़ दिया। जिला नागरिक अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
डंपर की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल
हथीन। बहीन थाने के अंतर्गत डंपर की टक्कर से बाइक के पास खड़े दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल का उपचार के दौरान पैर काटना पड़ा। जिला नूंह के वार्ड नंबर चार निवासी शिकायतकर्ता मोहम्मद पुलिस ने अपनी लिखित शिकायत में कहा है कि वह और उसका भांजा सैफ अली खान उर्फ सैफल बाइक से रूपनगर नाटोल गांव से हथीन जा रहे थे। कोट गांव के समीप उन्हें सैफल की फूफी का लड़का फैसल मिल गया। वह बाइक साइड में रोककर शौच के लिए चला गया, जबकि सैफ अली व फैसल बाइक के पास खड़े होकर बात करने लगे। इसी बीच एक चालक ने लापरवाही से डंपर को चलाते हुए दोनों युवकों में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से नल्हड़ अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने सैफ अली को गंभीर चोट होने के कारण हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वे उसे दिल्ली के सफदरजंग ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसका पैर काटने के लिए कहा। कई अस्पतालों में पता करने के बाद आखिरकार सैफ अली का पैर कटवाना पड़ा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।