कंटेनर में लगी आग, परिचालक गंभीर
हथीन। शहर के जयंती मोड़ पर सोमवार रात को एक कंटेनर हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गया जिससे उसमें आग लग गई। चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई, लेकिन परिचालक आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। जिसे गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
सोमवार रात को एक कंटेनर पलवल की तरफ से उटावड़ की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह जयंती मोड़ के निकट पहुंचा तो ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई वोल्टेज लाइन के तारों से टकरा गया। इससे जोरदार चिंगारी उठी और उसमें आग लग गई। कंटेनर चालक अजाज निवासी चिल्ली ने कूद कर जैसे-तैसे जान बचाई लेकिन परिचालक मुजफ्फर निवासी चिल्ली बुरी तरह झुलस गया। कंटेनर में आग लगी देख मौके पर उपस्थित लोगों ने तुरंत पावर हाउस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। घायल को नागरिक अस्पताल में उसे भर्ती कराया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया।