निकाय चुनावों की घोषणा के बाद संभावित प्रत्याशियों पर चुनाव की खुमारी छाने लगी है। एकाएक हुई घोषणा से मंद पड चुके संभावित प्रत्याशी सोशल मीडिया पर प्रचार में जुट गए हैं। सोशल मीडिया व्हाटस-एप, फेसबुक व ट्वीटर पर जमकर प्रचार किया जा रहा है। जो प्रत्याशी युवा हैं व टैक्नोलजी के जानकारी हैं वे तो खुद अपने एकाउंट पर पोस्ट डाल रहे हैं। लेकिन जिन्हें कम जानकारी है उनके परिजनों व एक्सपर्टस ने यह जिम्मेदारी संभाली हुई है।
चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रत्याशियों व उनके परिजनों ने गली मौहल्लों में पंचायतों के दौर शुरू कर दिए हैं। अपने वार्डों में अन्य संभावित प्रत्याशियों को अपने पक्ष में करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायतों व निजी बैठकों में रूठने-मनाने के दौर भी चल रहे हैं। वहीं शाम की महफिलें भी सजनी शुरू हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी व उनके परिजन गुट बनाकर दिन में प्रचार करते हैं व शाम को मय के दौरों के साथ-साथ चुनावी रणनीति भी बनाने में लगे रहते हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार वह तो चुनाव के लिए पहले से ही तैयार था। पांच मई से नामांकन का दौर शुरू हो जाएगा, जो कि 11 मई तक चलेगा। आठ मई को रविवार व नौ मई को राजपत्रित अवकाश होने के चलते प्रत्याशियों को नामांकन के लिए पांच दिन का समय मिल पाएगा। जिला प्र्रशासन के अनुसार जिन लोगों की वोट बनने से रह गई है वे तीन मई तक अपनी वोट बनवा सकते हैं। इसके अलावा गलत बनी हुई वोट कटवाने तथा मतदाता सूचियों में अशुद्धियों को भी ठीक कराया जा सकता है। इस कार्य के लिए वार्ड एक से 11 तक एसडीएम पलवल को, 12 से 21 तक तहसील दार व 22 से 31 तक हरियाणा राज्य परिवहन के जीएम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। होडल में इस कार्य के लिए नायब तहसीलदार को नियुक्त किया गया है।