फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: आस्था की लहर पर निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा

विज्ञापन
यात्रा में पहुंचे पंचवटी पंचोवन पीठाधीश्वर स्वामी ऋ​षिकुमार दास देवाचार्य महाराज
विज्ञापन
2023 की हिंसा के बाद बदली तस्वीर, मुस्लिम समाज ने जगह-जगह स्वागत कर दिया सौहार्द का संदेश
विज्ञापन



दिनेश देशवाल
नूंह। सावन के पहले सोमवार को निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा इस बार आस्था, शांति और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बनकर सामने आई। नल्हड़ेश्वर महादेव, झिरकेश्वर महादेव और श्रृंगेश्वर महादेव में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच सबसे खास तस्वीर वह रही, जब जिले के विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे बढ़कर यात्रियों का स्वागत किया, जलपान कराया और भाईचारे का संदेश दिया।

यात्रा में नूंह के अलावा पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली, पानीपत, सोनीपत, करनाल, महेंद्रगढ़, अलवर और मथुरा सहित कई जिलों और राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। 12-52 पाल के चौधरी अरुण जैलदार, हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्णलाल मिड्ढा, खेल मंत्री गौरव गौतम, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व खेल मंत्री कुंवर संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और सामाजिक संगठन भी यात्रा में शामिल हुए।
विज्ञापन


इस बार की यात्रा इसलिए भी खास रही क्योंकि वर्ष 2023 में इसी यात्रा के दौरान भड़की हिंसा के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे विश्वास के साथ शामिल हुए। उस घटना ने नूंह की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावित किया था, लेकिन पिछले तीन वर्षों में प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के प्रयासों ने माहौल बदल दिया।
सोमवार को निकली यात्रा में यह बदलाव स्पष्ट दिखाई दिया। जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में मुस्लिम समाज के लोगों ने स्वागत शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को पानी, शरबत और जलपान कराया। जगह-जगह फूल बरसाकर यात्रियों का अभिनंदन किया गया, जिससे गंगा-जमुनी संस्कृति की झलक देखने को मिली।

रोजका मेव, रेवासन टोल, हिरमथला, घासेड़ा, फिरोजपुर नमक, लघु सचिवालय टी-पॉइंट, लालबत्ती चौक, गांधी पार्क, नहर कॉलोनी, जोगीपुर मोड़, शहीद पार्क, मरोड़ा और सनातन धर्म मंदिर मालब सहित अनेक स्थानों पर स्थानीय लोगों ने सेवा शिविर लगाए। कई जगह दोनों समुदायों के लोग एक साथ श्रद्धालुओं की सेवा करते नजर आए।

यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा, जबकि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पहले से विशेष प्रबंध किए गए थे। फरीदाबाद से आए श्रद्धालु सुभाष, नेतरपाल और सुधीर कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति ने इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। जलाभिषेक, प्रसाद वितरण, पेयजल और यातायात व्यवस्था बेहतर होने से यात्रा बेहद व्यवस्थित रही।

यात्रा समिति के अध्यक्ष नत्थूराम गुर्जर, संयोजक नरेंद्र शर्मा, सह-संयोजक बिहारी देशवाल और नल्हड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सरदार जी.एस. मलिक ने बताया कि गांव-गांव जाकर दिए गए निमंत्रण का असर इस बार साफ दिखाई दिया। उजीना, आलदोका, छछेड़ा और आसपास के गांवों से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बसों, मोटरसाइकिलों और निजी वाहनों के काफिलों के साथ यात्रा में शामिल हुए।

श्रद्धालुओं की सुविधा और संभावित जाम से बचाव के लिए नूंह शहर के व्यापारियों ने स्वेच्छा से मुख्य बाजार और राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए पर पूरे दिन दुकानें बंद रखीं। यात्रा के दौरान राजस्थान के मिलकपुर निवासी बिल्लू गुर्जर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलती-जुलती उनकी शक्ल के कारण श्रद्धालु उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए।
विज्ञापन


धार्मिक आस्था, व्यापक जनभागीदारी, कड़े सुरक्षा प्रबंध और सामाजिक सौहार्द के माहौल में संपन्न हुई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा ने इस बार नूंह से पूरे प्रदेश और देश को शांति, विश्वास और भाईचारे का सकारात्मक संदेश दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें