खंड कृषि अधिकारी पर सालभर से दफ्तर नहीं आने का आरोप
होडल। सरकार की लाख कवायदों के बाद भी दफ्तरों का हाल बुरा है। अधिकारी और कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। किसानों का आरोप है कि होडल कार्यालय में तैनात खंड कृषि अधिकारी सतेंद्र सिंह ओला पिछले एक साल से अपने ऑफिस नहीं गए हैं। इस संबंध में किसान कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके अलावा कृषि विभाग में नई भर्तियां न होने से गिने-चुने कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। इस कारण किसानों के बहुत से कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें खेती से जुड़ी उचित सलाह तक नहीं मिल पा रही है।
कृषि विशेषज्ञ सहित कई पद खाली
पलवल जिले के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में 42 टेक्निकल अधिकारियों में से 2 ही अधिकारी मौजूद हैं। जिले में उपमंडल कृषि अधिकारी के दो पद हैं, जिनमें एक रिक्त है। इसके अलावा खंड कृषि अधिकारी के 4 और कृषि विशेषज्ञ के 3 पद रिक्त हैं। 3 पद तकनीकी सहायक के स्वीकृत हैं लेकिन सभी रिक्त है। इसके अलावा जिले में 35 एडीओ में से सिर्फ 2 ही पद भरे हुए हैं। विभाग में अकाउंटेंट, क्लर्क, तकनीकी सहायक और चतुर्थ श्रेणी के समस्त पद रिक्त हैं।
पिछले एक साल से खंड कृषि अधिकारी कार्यालय नहीं आ रहे हैं। जबकि, उन्हें सप्ताह में एक दिन जरूर कार्यालय आना चाहिए। जिससे किसानों की समस्याएं हल हो सकें।
- रामअवतार, किसान
अधिकारी के न आने से बेहद परेशानी होती है। इस कारण योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पाता है। अधिकारी को कार्यालय में आने के निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों को भटकना न पड़े।
- दिगंबर, किसान
नहीं गए दफ्तर तो कार्रवाई
खंड कृषि अधिकारी को कार्यालय में जाने के लिए कहा जाएगा। इसके बाद भी वे कार्यालय नहीं जाएंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार से स्थायी नियुक्ति की मांग की है। किसानों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
- डॉ. महावीर, उपनिदेशक कृषि विभाग पलवल