09पीएएलपी5- मृतक धर्मबीर का फाइल फोटो।
मंडकौला रोड स्थित गांव महेशपुर के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मंडकौला रोड स्थित गांव महेशपुर के समीप कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र सड़क किनारे जा गिरा, जबकि पिता को कार ने कुचल दिया। पुलिस ने घायल पुत्र की शिकायत पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विश्व गौरव के अनुसार, गांव खोकियाका निवासी मुकेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने पिता धर्मबीर के साथ बाइक पर सवार होकर किसी निजी कार्य से पलवल जा रहा था। गांव महेशपुर के समीप सामने से तेज गति से आ रही वरना गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क किनारे कच्चे में जा गिरा और उसके पिता धर्मबीर सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर गिरे उसके पिता के ऊपर से कार गुजर गई। उसने कार के नंबर देखे तो कार की पीछे वाली नंबर प्लेट पर केवल जाट लिखा हुआ था, नंबर नहीं थे। कार चालक दुर्घटना के बाद कार को लेकर मौके से फरार हो गया। वह अपने पिता को लेकर उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया।