पलवल। गांव धतीर के समीप बाइक पर जा रहे पति-पत्नी व बच्चे को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौत हो गई जबकि पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों का सौंप दिया गया। धतीर चौकी पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई महिपाल के अनुसार गांव स्यारौली निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी कविता रक्षाबंधन पर अपने मायके गांव बढ़राम गई थी। बुधवार को वह अपनी पत्नी कविता व 11 माह के बेटे हर्ष को लेकर बाइक पर स्यारौली से बढ़राम लौट रहा था। पलवल-सोहना रोड पर गांव धतीर के समीप पीछे से आए टैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय हर्ष की मौत हो गई जबकि कविता का अभी उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में छाया मातम
बच्चे के पिता विकास ने बताया कि शादी के 10 वर्षों तक उन्हें कोई बच्चा नहीं हुआ था। काफी मन्नतों व उपचार के बाद हर्ष पैदा हुआ था। इकलौते बेटे की मौत पर परिवार में मातम छाया हुआ है।