5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। गुब्बारे बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले तिरवाड़ा गांव निवासी व्यक्ति की गैस सिलिंडर की टंकी फटने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह साइकिल पर गैस की टंकी रखकर गुब्बारे बेचने के लिए घर से निकला ही था।
मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय सुखराम के रूप में हुई है। सुखराम को दो बेटियां और तीन बेटे हैं। उसकी मौत से पांचों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। हालांकि, परिजनों ने पुलिस को हादसे की सूचना नहीं दी है। वहीं, थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। कोई शिकायत मिलती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुका है हादसा
गैस की टंकी फटने का मामला यह कोई नया नहीं है। इससे पहले नौ जुलाई को जमालगढ गांव में इसी तरह टंकी फटने के कारण मामलीका गांव के मुश्ताक की मौत हो गई थी। देसी तरीके से बनाई गई गैस की टंकी से एक के बाद एक हादसे हो रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही।