पलवल। यमुना नदी से रेती चोरी कर ला रहे ट्रैक्टरों को नाकाबंदी कर रोकने के दौरान पुलिसकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए तीन चालकों को काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच अधिकारी हरीचंद के अनुसार एएसआई संजय कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि सूचना मिली थी कि यमुना नदी से ट्रैक्टर-ट्रालियों में रेती चोरी कर असावटा के रास्ते कुश्लीपुर फ्लाईओवर की तरफ लाई जा रही है। उन्होंने नाकाबंदी कर ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ट्रैक्टर चालकों ने रफ्तार तेज करते हुए पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की गाड़ी के चालक ने ब्रेक लगाकर गाड़ी रोक दी। वहीं भगाने के चक्कर में फ्लाईओवर पर एक ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया। जिसकी वजह से सभी ट्रैक्टर रुक गए। पुलिसकर्मियों ने तीनों चालकों को काबू कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राहुल, धर्मेंद्र निवासी गांव सुलतापुर व बिजेंद्र निवासी ऐकलटरा थाना डीग जिला भरतपुर (राजस्थान) बताया।