पलवल। केएमपी सहित दो स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायतों पर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान ने बताया कि हाथरस (यूपी) निवासी आकाश ने बताया कि वह किसी कार्य से केएमपी से मानेसर जा रहा था। उसके पीछे बाइक पर एक महिला सहित तीन सवारी चल रही थी। मिंडकौला गांव के पास एक कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार आगरा (यूपी) के आमरखेड़ा निवासी मोहन, ललित व सोमेश पत्नी ललित घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। ललित की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि बाकी दोनों की हालत गंभीर है।
वहीं, होडल निवासी हरीराम ने बताया कि उसका भाई टेकराम बाइक पर सवार होकर नेशनल हाईवे-19 से होता हुआ होडल की तरफ आ रहा था। सदर थाना क्षेत्र में वाहन ने टक्कर मार दी। जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल टेकराम को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।