प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। सदर थाना क्षेत्र के गांव ग्वारका में रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव का मामला सामने आया है। घटना 25 अक्तूबर की बताई गई है। एक पक्ष के शिकायतकर्ता मोहब्बत अली ने दूसरे पक्ष के कई लोगों पर घर में घुसकर हमला करने, परिवार के सदस्यों को घायल करने तथा कार और मकान को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार, गांव ग्वारका निवासी मोहब्बत अली का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनकी रंजिश चली आ रही है। 25 अक्तूबर की सुबह कई लोग लाठी-डंडे, फरसा, कुल्हाड़ी और अन्य सामान लेकर उनके घर में घुस आए और परिवार पर फरसे, कुल्हाड़ी व पत्थरों आदि से हमला कर दिया। आरोपी पक्ष के लोगों पर छत से पथराव करने का भी आरोप है।
पीड़ित ने बताया कि इस दौरान उनकी कार को नुकसान पहुंचा और मकान पर लगी सीमेंट की चादरें भी टूट गईं। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची। जहां से दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। शिकायत के मुताबिक, अरशीदा, बिलाल और नदीम को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद उन्हें नूंह ले जाया गया। आगे उपचार के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज नल्हड़ रेफर किया गया, जबकि अरशीदा को अधिक चोटों के चलते पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।
थाना प्रभारी राजेश का कहना है कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में झगड़े की वजह कमेटी की किस्त को लेकर हुआ विवाद बताया गया है। आगे की जांच जारी है।