हथीन। गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से गन्ना तकनीकी योजना के तहत किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने वर्ष 2026-27 में अनुशंसित गन्ना किस्मों की आधुनिक तकनीक से बिजाई करने वाले किसानों से आवेदन मांगे हैं।
उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि अप्रैल के बाद वसंत या ग्रीष्मकालीन गन्ने की बिजाई करने वाले किसान 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं अक्तूबर-नवंबर में शरदकालीन गन्ने की बिजाई करने वाले किसानों के लिए आवेदन की अवधि एक अक्तूबर से 31 दिसंबर तक रहेगी। आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। चार फीट कतार में बिजाई, सिंगल-बड, बड-चिप विधि, बीज उपचार, फाउंडेशन सीड नर्सरी और पेड़ी प्रबंधन जैसी तकनीकों पर अनुदान मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर भी सब्सिडी दी जाएगी। संवाद