पलवल। आंगनबाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियन ने अपनी मांगों के संबंध में बुधवार को लघु सचिवालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला प्रधान रामरति दलाल के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा के नाम ज्ञापन सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि उन्हें सरकारी कर्मचारियों का दर्जा दिया जाए। हेल्पर से वर्कर और वर्कर से सुपरवाइजर के प्रमोशन में आयु सीमा हटाकर अनुभव के आधार पर बनाया जाए। आंगनबाड़ी सेंटरों को सरकारी भवनों में शिफ्ट किया जाए। केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा मानदेय एकमुश्त धनराशि के तहत दिया जाए। कार्यकर्ताओं को रिटायरमेंट का लाभ और पेंशन लागू की जाए। सेंटरों में राशन अच्छी गुणवत्ता और मीनू के अनुसार दिया जाए। शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवनों का किराया पांच हजार और ग्रामीण क्षेत्रों में ढाई हजार दिया जाए। मानदेय हर महीने की सात तारीख से पहले मिलना चाहिए। इस मौके पर सचिव गीता और राजवती मुख्य रूप से मौजूद रहीं।