काम खत्म कर लौट रहे थे घर
गांव शौलाका निवासी इरशाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका साथी ईसा गुरुवार रात कैंप मार्केट से काम निपटाकर घर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि उनके गांव के ही दो युवक मजलिस और मुस्ताक मोटरसाइकिल पर सवार होकर फ्लाईओवर से होडल की ओर उतर रहे थे। तभी फरीदाबाद की ओर से आ रहे सामान से लदे ट्रेलर के चालक ने तेज गति और लापरवाही से बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टायरों के बीच में फंस गया था मुस्ताक
टक्कर लगते ही दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए। हादसे के बाद चालक नीचे उतरा, लेकिन मौके पर जुटी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर के टायरों के बीच फंसे मुस्ताक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल मजलिस को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मजलिस ने रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
हाइड्रा मशीन से हटाया गया ट्रेलर
सूचना मिलने पर कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दुर्घटना के चलते हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रेलर को सड़क किनारे कराकर खुलवाया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।