घटना 18 अक्तूबर की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र रिहान (13) के पिता असलम ने बताया कि उनका बेटा रोजाना की तरह सुबह स्कूल गया था। कुछ देर बाद हेडमास्टर साहुन ने उसे क्लास से बुलाया और स्कूल के गेट की ओर ले गए। वहां टीचर राजेश पहले से सीढ़ी लेकर खड़ा था। आरोप है कि दोनों शिक्षकों ने रिहान को प्लास पकड़ाकर ऊपर बिजली का तार जोड़ने के लिए कहा।
पलवल जिले के पहाड़पुर गांव के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र के साथ बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। आरोप है कि स्कूल के हेडमास्टर और एक शिक्षक ने उसे बिजली का तार जोड़ने के लिए सीढ़ी पर चढ़ा दिया था। हादसे में बच्चे के हाथ और पैर की उंगलियां झुलस गईं। फिलहाल पुलिस ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
घटना 18 अक्तूबर की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र रिहान (13) के पिता असलम ने बताया कि उनका बेटा रोजाना की तरह सुबह स्कूल गया था। कुछ देर बाद हेडमास्टर साहुन ने उसे क्लास से बुलाया और स्कूल के गेट की ओर ले गए। वहां टीचर राजेश पहले से सीढ़ी लेकर खड़ा था। आरोप है कि दोनों शिक्षकों ने रिहान को प्लास पकड़ाकर ऊपर बिजली का तार जोड़ने के लिए कहा। इसी दौरान गेट के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से उसे जोरदार झटका लगा और वह नीचे गिर पड़ा।
बिजली के करंट से रिहान के हाथ और पैरों की उंगलियां बुरी तरह झुलस गईं। आसपास मौजूद छात्रों और लोगों ने मिट्टी लगाकर उसकी हालत सुधारने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि छात्र के हाथ-पांव की स्थिति गंभीर है और आगे उपचार के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
विज्ञापन
पिता असलम का कहना है कि हेडमास्टर और टीचर की लापरवाही से उनके बेटे की जिंदगी खतरे में पड़ गई है। उन्होंने दोनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि पीड़ित के पिता की शिकायत पर सरकारी स्कूल के हेडमास्टर साहुन और टीचर राजेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है, छात्र के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।