पलवल (प्रवीण बैंसला)। शहर में स्वच्छ पेयजल व सीवरेज व्यवस्था मुहैया कराने के लिए सवा 200 करोड़ रुपये से शुरू हुई अमृत जल योजना पूरी नहीं हो पा रही है। योजना का काम पूरा करने की अवधि दो बार बढ़ाई जा चुकी है। हालांकि अभी भी इसके पूरा होने के आसार कम ही हैं। कई कॉलोनियों में पाइप लाइन डालने के बाद सड़क निर्माण नहीं किया गया है। ऐसे में लोग ऊबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं।
नगर परिषद की सीमा के अंदर लोगों को पेयजल आपूर्ति के लिए अगस्त 2018 में अमृत जल योजना शुरू की गई थी। इसके तहत पेयजल सप्लाई व सीवरेज पर करीब 225 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। इसमें पानी की 130 किलोमीटर व सीवरेज की 150 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जानी है। जोधपुर, फिरोजपुर व किठवाड़ी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाना है। पेयजल के लिए 27 ट्यूबवेल लगाए जाने हैं। योजना को पहले मार्च 2020 में पूरा किया जाना था। जिसके बाद में दिसंबर तक बढ़ा दिया गया था। लेकिन अभी तक कई स्थानों पर पाइप लाइन डालने तक काम पूरा नहीं हो पाया है। अधिकांश काम अभी भी अधूरा पड़ा हुआ है।
गांव कुसलीपुर नंबर 1 व 2, धौलागढ़, काशीपुर, मोहन नगर, राजीव नगर, अगवानपुर, फिरोजपुर सहित अन्य स्थानों पर पेयजल व सीवरेज की लाइन बिछाने के लिए खुदाई कर दी गई है। जिसके कारण पक्की गलियों में भी कीचड़ भर गया है और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल है। वहीं गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है।
वर्जन-
अमृत जल योजना का काम तेजी से चल रहा है। काम को दिसंबर 2020 तक पूरा किया जाना था, लेकिन कुछ तकनीकी कमियों की वजह से काम पूूरा नहीं हो पाया है। काम में और तेजी लाई गई है व अधिकारियों को इस संदर्भ में नोटिस भी दे दिए गए हैं। उम्मीद है कि अप्रैल से पहले काम पूरा हो जाएगा। - मोनिका गुप्ता, जिला नगर आयुक्त