10श्चड्डद्यश्च6- पलवल के गांवों में सुविधाओं के बारे में उपायुक्त नेहा सिंह को जानकारी देते एडीसी हितेश मीणा।
सुविधाओं व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सड़कों की मरम्मत शुरू, सरपंचों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के तीन दिन के जन संवाद कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सुविधाओं के हर पहलु पर प्रशासन द्वारा नजर रखी जा रही है। पिछले दो दिनों से जिला उपायुक्त नेहा सिंह व जिला पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं। सोमवार को पलवल, होडल, हथीन व हसनपुर के दर्जनों गांवों में जाकर अधिकारियों ने सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है तथा ग्रामीणों से उनकी समस्याओं को जानकार समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री मनोहर लाल का 12 से 14 अप्रैल तक जिले के विभिन्न गांवों में जन-संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल जिला पलवल के दर्जनों गांवों में दौरा कर आमजन के साथ संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को जानकर उनका समाधान भी करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मनोहर लाल जिले के गांव बागपुर, धतीर, मंडकोला, हथीन, उटावड़, बहीन, औरंगाबाद, बंचारी, होडल, हसनपुर, खांबी, बडौली, रसूलपुर व चांदहट में आमजन के साथ जनसंवाद करेंगे। जन-संवाद कार्यक्रम के मद्देनजर सोमवार को उपायुक्त नेहा सिंह तथा पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने संबंधित गांवों का दौरा कर वहां चल रहीं तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ विधायक प्रवीण डागर, एडीसी हितेश कुमार, एसडीएम लक्ष्मी नारायण, एसडीएम रणवीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कार्यक्रम स्थलों पर नियुक्त किए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान कार्यक्रम स्थल के आस-पास वाहनों के आवागमन की सुचारू व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आगमन को लेकर वर्षों से टूटी पड़ीं सड़कों के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। विशेषकर जिस रूट से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरेगा, उस रास्ते को पूरी तरह से दुरुस्त किया जा रहा है। दो साल से बुरी तरह टूटी पलवल-सोहना रोड पर गड्ढों को भरने का किया जा रहा है। इसके अलावा हथीन में भी सड़क पर मरम्मत का काम जारी है।
ई-टेंडरिंग का विरोध कर रहे सरपंचों के ऊपर प्रशासन पूरी तरह से नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम में सरपंचों द्वारा किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए भी प्रशासन सतर्क है। सोमवार को सरपंचों द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर किए गए प्रदर्शन के दौरान हुई बातचीत पर भी प्रशासन की नजर है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के तीन दिवसीय दौरे के तहत मीडिया कोर्डिनेटर मुकेश वशिष्ट ने सोशल मीडिया व आईटी प्रमुखों की बैठक ली।