पलवल। हरियाणा के सहकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने गांव मंगोरका में सरपंच का चुनाव निरस्त होने के बावजूद अनधिकृत रूप से ग्राम पंचायत के पैसों का लेनदेन करने पर सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज कर उससे करीब 26 लाख रुपये की राशि वापस लेने के आदेश दिए। इसी प्रकार गांव खाइका में ग्राम पंचायत के पैसों का गबन करने के आरोप में पूर्व सरपंचों व ग्राम सचिवों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने के आदेश दिए। वह शुक्रवार को जिला सचिवालय के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बैठक में रखी गईं कुल 14 शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के आदेश दिए। उन्होंने गांव मंगोरका निवासी महेंद्र सिंह व अन्य की शिकायत पर निर्देश दिए कि सरपंच द्वारा जिस राशि की अधिक अदायगी की गई है, उसे वापस किया जाए तथा आरोपी सरपंच के खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाए। एक अन्य गांव खाईका निवासी हाजी खुर्शीद अहमद की शिकायत थी कि गांव के सरपंच द्वारा विकास कार्यों में अनियमितता बरती गई तथा पैसे का गबन किया गया। इस पर सहकारिता मंत्री ने निर्देश दिए कि दोषी पूर्व सरपंचों व ग्राम सचिवों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। गांव भैंडोली निवासी नैन सिंह की शिकायत थी कि सरपंच व पंच द्वारा पंचायती जमीन व रास्तों पर कब्जा किया हुआ है। इस पर सहकारिता मंत्री ने निर्देश दिए कि इस पंचायती जमीन व रास्तों की नायब तहसीलदार से दोबारा पैमाइश करवाई जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
तीन दिन के अंदर ठीक हो पाइपलाइन
ग्राम पंचायत पिंगोर की ओर से गांव में पेयजल की पाइपलाइन टूटने से ग्रामीणों को आ रही पानी की समस्या संबंधी शिकायत पर मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि आगामी तीन दिन के अंदर पाइप लाइन को जुड़वाकर पेयजल आपूर्ति सुचारू किया जाए, ताकि ग्रामीणों को कोई समस्या न हो। गांव घोड़ी निवासी मंगल सिंह की शिकायत थी कि उनके गांव में डिपो होल्डर सुशीला देवी द्वारा पिछले तीन माह से पूरा राशन नहीं दिया जा रहा है।
इस पर सहकारिता मंत्री ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि इस मामले में उचित कार्यवाही लेते हुए डिपो धारक का डिपो कैंसल किया जाए तथा राशन का वितरण अन्य डिपो के माध्यम से पूरी मात्रा में करवाना सुनिश्चित किया जाए। गांव घुड़ावली निवासी शौकत अली की शिकायत थी कि गांव में विकास कार्यों पर जो पैसा खर्च किया गया है उसकी जांच करवाई जाए। इस पर मंत्री ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हथीन को निर्देश दिए कि इस मामले की आगामी दस दिनों में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
इस अवसर पर हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन जगदीश नायर, पलवल के विधायक दीपक मंगला, हथीन के विधायक प्रवीण डागर, उपायुक्त नरेश नरवाल, पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत अतिरिक्त उपायुक्त सत्येंद्र दूहन, एसडीएम वैशाली सिंह, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, एसडीएम होडल वकील अहमद, एसडीएम हथीन लक्ष्मी नारायण, नगराधीश अंकिता अधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया मौजूद थे।