पत्नी घायल, शादी को छह महीने ही हुए थे, समाजसेवियों ने की बिक्री बंद कराने का मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। उपमंडल में प्रशासन की लापरवाही के कारण धड़ल्ले से चाइनीज मांझा बिक रहा है। रविवार की शाम नेशनल हाईवे पर चाईनीज मांझे की चपेट मेंं आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। शादी के छह महीने बाद युवक अपनी पत्नी के साथ बाइक से वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने के लिए जा रहा था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मोनू (18) निवासी फलेदा, गौतमबुद्धनगर, यूपी देर शाम पत्नी पायल के साथ बाइक से वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने के लिए जा रहा था। जब वह हाईवे स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंचा तो वहां चाईनीज मांझे के साथ पतंग गिर रही थी। इस दौरान पतंग का मांझा बाइक सवार मोनू की गर्दन में लिपट गया, जिसके कारण मोनू लहूलुहान हो गया। उसी मांझे की चपेट में आकर उसकी पत्नी भी घायल हो गई। चाईनीज मांझे के कारण मोनू की गर्दन से काफी मात्रा में खून निकलने लगा। घायल बाइक सवार को देखकर आसपास के लोग उसे पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आसपास के लोगों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि पतंग के मांझे के कारण बाइक सवार मोनू की मौत हुई है। चाईनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाए जाने के लिए जिला उपायुक्त व उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। इस घटना से पहले भी चाईनीज मांझे की चपेट में आने से कई लोग घायल हो चुके हैं।
-
इस घटना से पहले भी बाजार चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए कई बार छापेमारी की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के अधिकारियों से साथ बैठक कर जल्द चाइनीज बिक्री की रोकथाम के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। आम नागरिकों से अपील है यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से चाइनीज मांझे की बिक्री करता है तो उसकी सूचना जिला प्रशासन को दें। - डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ,जिला उपायुक्त पलवल।