उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा, 11 घंटे बाद बिजली आपूर्ति हुई बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। स्थानीय लालदास मंदिर के पास रखे हुए बिजली निगम के ट्रांसफार्मर में रात को एक बजे अचानक फॉल्ट आ गया। फॉल्ट आने से ट्रांसफार्मर से निकलने वाली केबल टूट गया। इस कारण आसपास के तीन सौ से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी के मौसम में बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। केबल टूटने की शिकायत तत्काल निगम के शिकायत केंद्र पर रात्रि में सेवाएं देने वाले स्टाफ को दी गई।
बिजली निगम का स्टाफ मौके पर पहुंचा और उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि सुबह सात बजे के बाद केबल जोड़कर फॉल्ट ठीक कर दिया जाएगा। इसके बावजूद न तो समय पर फॉल्ट जोड़ा गया और न ही केबल जोड़ी गई। कहा गया कि दिन की शिफ्ट में ड्यूटी देने वाला स्टाफ फॉल्ट ठीक करेगा। इसके बाद दिन की ड्यूटी वाले स्टाफ ने फॉल्ट को ठीक किया। 11 घंटे की लंबी जद्दोजहद के बाद बिजली बहाल हुई। भाजपा के मंडल महामंत्री हरकेश शर्मा ने मांग की है कि रात के समय फॉल्ट होने पर उसका समाधान रात्रि में ही किया जाना चाहिए। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों से कहा है कि लापरवाही करने वाले स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। बिजली निगम के एसडीओ जसवीर बैनीवाल ने बताया कि व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है। रात की शिफ्ट इसी उद्देश्य से शुरू की गई है। लापरवाही किसी भी स्थिति में सहन नहीं की जाएगी।