पलवल। जिले में शुक्रवार को धुलेंडी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने जमकर होली खेली। एक-दूसरे को घरों पर जाकर बधाई दी। बड़े गांवों में लोगों ने होली खेलने के साथ-साथ नंगाड़े की थाप पर चौपाइयां भी आयोजित की। जगह-जगह पर लोग होली के गानों पर नाचते नजर आए। वहीं होली खेलते समय हुए झगड़ों के बाद नागरिक अस्पताल में करीब 170 लोग उपचार के लिए पहुंचे।
पलवल जिला ब्रज का अभिन्न क्षेत्र है। ऐसे में जिले में होली का अलग ही महत्व है। यहां बसंत पंचमी से ही लोग होली खेलना शुरू कर देते हैं। पलवल के गांवों में लोग अलग-अलग अंदाज में होली खेलते हैं। यहां पर जहां ब्रज की लठमार और रोहतक की कोढ़ा मारने वाली भी होली खेली जाती है। जिले के गांवों में विशेषकर अलावलपुर, चांदहट, जनौली, औरंगाबाद, मित्रोल, धतीर, मंडकौला, कलसाड़ा, बंचारी, दीघोट, सौंदहद, बहीन, नांगल जाट, मानपुर, गहलब, भुलवाना, खांबी, हसनपुर, कौंडल, अल्लीका गांव में जमकर रंग-गुलाल उड़ा।
झगड़ों में घायल 170 लोगों ने कराया उपचार
जिले में होली खेलने के दौरान गांवों में छोटे-मोटे झगड़े भी हुए। इन झगड़ों में घायल हुए करीब 170 लोग उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। इन मामलों में पुलिस ने भी कई मुकदमे दर्ज किए। वहीं जिला नागरिक अस्पताल में डॉक्टर पूरी तरह से मुस्तैद रहे। आपातकालीन विभाग में तैनात डॉ. अक्षय जैन ने बताया कि होली पर आए लड़ाई-झगड़ों के सभी मरीजों को मामूली चोटें थीं, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस भी रही मुस्तैद
होली पर्व पर किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दी। जिले में स्थित पुलिस की 112 नंबर गाड़ियों के साथ-साथ संबंधित थाना व चौकियों की पुलिस टीमें गश्त करती नजर आईं। सड़कों पर भी होली के रंग में रंगकर मोटरसाइकिलों पर हुड़दंग करने वालों को भी पुलिस ने रोककर हड़काया तथा वापस भेजा।