होडल। हसनपुर के गांव डराना में आईपीसीएल क्रिकेट टूर्नामेंट खेलकर लौटे पलवल जिले के दो खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कांग्रेसी विधायक उदयभान थे। अध्यक्षता समाजसेवी हिटलर फौजी ने की। दोनों खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अहमदाबाद में 27 अक्टूबर से आयोजित आईपीसीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में इंडिया कोबरा टीम में कप्तान के रूप में औरंगाबाद निवासी प्रताप ने तथा उप कप्तान गांव डराना निवासी प्रवीन ने भाग लिया। पलवल जिले के इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत व लगन से अपनी टीम को तीसरे स्थान तक पहुंचाया। जब यह दोनों खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट से लौटे तो इनके सम्मान में गांव डराना में समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक उदयभान ने कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत व लगन से ही यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उभरकर सामने आना चाहिए और अपने गांव व जिले का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इन खिलाड़ियों की यों ही मेहनत व लगन रही तो यह भारत की क्रिकेट टीम में भी नजर आएंगे।