पलवल। खादर क्षेत्र की सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को खादर विकास समिति के सदस्यों ने एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा। कमल भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को बताया कि सड़कों की खस्ता हालत की वजह से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इतना ही नहीं उन्हें अपनी फसलों को शहर तक लाने और ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पीडब्लूडी (बीएंडआर) ने छह माह पूर्व सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों के पास चंडीगढ़ भेजा था, लेकिन किसी कारण से लागत का प्रस्ताव रद्द हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि यमुना किनारे बसे खादर में दर्जनों गांवों में जाने के लिए सड़क नहीं है, और हैं भी तो वे टूटी हुई हैं। सड़कों पर गहरे गड्ढाें से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि अब धान की फसल को बाजार में बेचने के लिए लाना है। जर्जर सड़कों के कारण अक्सर उनकी ट्रैक्टर ट्राली खराब हो जाती है। किसानों का कहना है कि सड़कें ठीक नहीं हुईं तो जितनी धान की फसल बेचने से आमदनी नहीं होगी, उससे ज्यादा उनके वाहन खराब हो जाते हैं। जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पडे़गा।
ज्ञापन के माध्यम से एसडीएम को जल्द से जल्द सड़कों का निर्माण कराने की मांग की। एसडीएम यशपाल यादव ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही इस पर कोई फैसला लिया जाएगा और सड़कें बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य रुप से जगदीश नंबरदार, भगवान सिंह, जयप्रकाश, प्रेमसिंह, भारतपाल, राजेन्द्र प्रसाद, हंसराज, युधिष्टर, राजेश्वर त्यागी, रामशरण, राजेन्द्र शर्मा मौजूद थे।