ट्रैक्टर चालक को झांसा दे 62 हजार रुपये लूटे
पलवल। ईंट बेचकर लौट रहे एक ट्रैक्टर चालक से बाइकर्स ने 62 हजार रुपये लूट लिए। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित ट्रैक्टर चालक की शिकायत पर अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नगेंद्र डागर के अनुसार, यूपी के जंघावली (हाल सराय गांव) निवासी अख्तर हुसैन ने पुलिस को बताया है कि वह अपने ट्रैक्टर में ईंट भरकर बेचने का कार्य करता है और पिछले कई वर्ष से जिला पलवल के सराय गांव में ही रह रहा है।
14 अक्टूबर को वह अपने ट्रैक्टर में ईंट भरकर ले गया और बल्लभगढ़ में बेचने के बाद वापस अपने घर आ रहा था। जब उसका ट्रैक्टर बामनीखेड़ा गांव के पास पहुंचा तो एक युवक उसे झांसा देकर औरंगाबाद-दीघौट मार्ग पर सत्या कॉलेज के पास खाली प्लॉट में ले गया। वहां पर आरोपी ने उसकी जेब से 62 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया। ब्यूरो
महिला से मारपीट
पलवल। महिला के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी व एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अमित कुमार के अनुसार गांव राखौता निवासी मोनिका ने शिकायत दर्ज कराई है कि 7 अक्टूबर को गांव निवासी देव प्रकाश व गीता ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। ब्यूरो