कंपनी से स्क्रैप चोरी कर रहे चोर को पकड़ा
पलवल। गांव अगवानपुर स्थित दोआबा कंपनी से पांच कट्टे स्क्रैप चोरी करते हुए चोर को सुरक्षा प्रहरी ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। शहर थाना पुलिस ने शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुनील कुमार के अनुसार वसंत कुंज न्यू दिल्ली निवासी रविकांत ने शिकायत दर्ज कराई है कि पुरानी दिल्ली के जमुना बाजार निवासी तेजू गांव अगवानपुर स्थित दो आबा कंपनी में गत 14 अक्टूबर रात को दीवार की ईंट निकालकर अंदर आ गया और पांच कट्टे स्क्रैप को भर लिया। उसी दौरान तेजू को सिक्योरिटी गार्ड ने मौके पर पकड़ लिया। ब्यूरो
शराब पिलाकर की मारपीट व लूटपाट
पलवल। व्यक्ति को शराब पिलाकर उसके साथ मारपीट करने व उससे रुपये छीनने का मामला प्रकाश में आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार के अनुसार गांव बामनीखेड़ा निवासी मुरारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि गत 18 सितंबर को वह घर पर नल की मोटर लेने के लिए जा रहा था। उसी दौरान गांव निवासी लखमी, हीरा, बबूआ, परवान व भोला ने रास्ते में रोक लिया और अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। शराब के नशे में उक्त लोगों ने मुरारी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया और उससे 15 हजार रुपये छीन लिए। आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। ब्यूरो