पलवल। शहर में हूडा सेक्टर दो के पास स्थित एक्सिस बैंक में 14 जुलाई को दिनदहाड़े हुई 95 लाख रुपये की डकैती के मामले में 15 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद खुलासा हो गया है। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने इसकी पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि इस मामले में पांच बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार बदमाशों में डकैती डालने आए पांच लोगों में से एक है, अन्य चार बदमाश डकैती डालने से पहले बैंक में की गई रेकी में शामिल थे। पुलिस ने दो अवैध पिस्तौल, कारतूस, तलवार, लोहे की रॉड तथा स्कोडा गाड़ी भी बरामद की है। गिरफ्तार किए गए सभी बदमाश बिहार स्थित हाजीपुर जिला वैशाली के रहने वाले हैं। सभी को पुलिस द्वारा पलवल में ही अन्य किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते हुए हथीन रोड पर स्थित पीयूष ग्रुप की निर्माणाधीन सोसाइटी से गिरफ्तार किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 14 जुलाई को दोपहर 12.37 मिनट पर हूडा सेक्टर दो के पास स्थित एक्सिस बैंक में पांच बदमाश बंदूकों की नोक पर 95 लाख रुपये लूटकर ले गए थे। वे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भागे थे। डकैती की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस बदमाशों की खोजबीन में लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस की सीआई पलवल, साइबर सेल व थाना शहर पलवल की टीमें लगी हुई थीं।
उनके साथ हथीन व होडल सीआइए टीमें भी लगी हुई थीं। लगातार प्रयास कर रही इन टीमों ने कई जगहों पर दबिश भी दी। शुक्रवार देर रात कंट्रोल रूम में किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि कुछ लोग काली गाड़ी लेकर हथीन रोड पर स्थित पीयूष ग्रुप की निर्माणाधीन सोसाइटी के पास खड़े हैं तथा लूटपाट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पलवल सीआइए प्रभारी अशोक कुमार अपने साथ सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह व हवलदार सूबे सिंह के साथ दो टीमें लेकर मौके पर पहुंच गए। मौके से पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया तथा उनसे हथियार व काले रंग की बिना नंबर की गाड़ी बरामद की। पूछताछ में बदमाशों ने एक्सिस बैंक में की गई डकैती की वारदात का भी खुलासा किया।
सभी रहने वाले हैं बिहार के
जिला पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने बताया कि इन गिरफ्तार बदमाशों में सूरज कुमार सिंह उर्फ सन्नी निवासी अदलवाड़ी हाजिपुर थाना टाउन नगर जिला वैशाली बिहार, मनीष उर्फ ननकी गांव पानापुर, वार्ड नं0 15, थाना बिद्वोपुर जिला वैशाली बिहार, महेश कुमार उर्फ रौनक हाजिपुर जिला वैशाली, सौरभ कुमार हाजीपुर वैशाली, बिहार (हाल किरायेदार सेक्टर-78 सिक्का कारकी ग्रीन नंबर 1302 ए टावर नंबर 30, नोयडा उत्तर प्रदेश तथा इंद्रजीत उर्फ कुंदन निवासी देगरी वैशाली, बिहार शामिल हैं। उक्त बदमाशों को पुलिस ने अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। दावा है कि उक्त बदमाशों के अन्य साथियों को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा। डकैती के दौरान बैंक से लूटे गए रुपये भी जल्द बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।