पलवल। आपातकालीन डायल नंबर 112 प्रोजेक्ट के तहत मंगलवार को 22 इनोवा गाड़ियों को पुलिस लाइन से फील्ड के लिए रवाना किया। ये गाड़ियां जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में प्रतिदिन 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। इससे पुलिस, फायर और एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी। जिले में कहीं भी घटना की जानकारी मिलने पर 15 से 20 मिनट के अंदर टीम मौके पर पहुंच जाएंगी।
पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने कहा कि इमरजेंसी के समय लोगों को जल्द से जल्द सेवाएं उपलब्ध हो सकें, इसके लिए प्रदेश सरकार ने डायल-112 प्रोजेक्ट की शुरुआत की है। प्रत्येक गाड़ी पर छह पुलिस कर्मियों का स्टाफ मौजूद रहेगा। इनमें तीन कर्मचारी सुबह और तीन रात के समय तैनात रहेंगे। सभी गाड़ियों में सुरक्षा उपकरण किट उपलब्ध कराई गई है। आम लोग हिंदी, अंग्रेजी, हरियाणी व पंजाबी में सूचना दे सकते हैं। सभी गाड़ियों की निगरानी पंचकूला स्थित कमांड सेंटर से की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य लोगों को आपातकालीन सेवाएं तुरंत मुहैया कराना है।