निजी भूमि पर राजीव गांधी सेवा केंद्र का कराया निर्माण
-जिला उपायुक्त ने सरपंच और सचिव को दिया नोटिस
हथीन। जिला उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी की जांच रिपोर्ट आने के बाद रनसीका गांव की सरपंच आशा रानी व सचिव आलोक कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किये हैं। नोटिस में दस दिन के अंदर अपना जवाब देने को कहा है।
जिला उपायुक्त ने सरपंच को भेजे लिखित नोटिस में पूछा है कि राजीव गांधी सेवा केंद्र के निर्माण के लिए पंचायत के पास पर्याप्त भूमि होने के बाद भी निजी व्यक्ति की भूमि केंद्र का निर्माण क्यों कराया गया है। यही कारण है कि केंद्र का स्वामित्व आज तक पंचायत को नहीं मिला है। सेवा केंद्र के निर्माण पर लाखों रुपये व्यर्थ खर्च कर दिए गए। इस प्रकार से सरपंच पद की जिम्मेदारी का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया गया। इस मामले में सरपंच को जांच में दोषी पाया गया है। सचिव को भेजे कारण बताओ नोटिस में जिला उपायुक्त ने लिखा कि 25 सितंबर 2016 को पंचायत की कार्रवाई सरपंच के पति सतवीर ने लिखी। जो कि नियमों के विरुद्ध है। सचिव आलोक कुमार को इसकी जानकारी थी। इसके बावजूद भी उसने अपने उच्च अधिकारियों को सूचित नहीं किया। जिला उपायुक्त ने एक पत्र जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजा है। इसमें लिखा गया है की सरपंच के पति सतवीर ने सरकारी स्कूल में अध्यापक के पद पर कार्य करते हुए ग्राम पंचायत रनसीका की कार्रवाई लिखकर अनाधिकार चेष्टा की है और ग्राम सचिव के कर्तव्य का अतिक्रमण किया है।