4609 बिजली उपभोक्ताओं से वसूले सवा दो करोड़ रुपये
- पांच करोड़, 23 लाख रुपये किए माफ
रोशन लाल शर्मा
होडल। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली विभाग के डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के लिए बिल निबटान योजना शुरू की गई है। जिसके तहत होडल डिवीजन के अंतर्गत आने वाले सब डिवीजन हथीन, होडल, हसनपुर, मिंडकोला से विभाग ने लगभग 4,609 उपभोक्ताओं से सवा दो करोड़ रुपये की राशि वसूल कर पांच करोड़ 23 लाख रुपये का बिल माफ किया है। होडल डिवीजन में लगभग 50 करोड़ रुपये के बकाएदार 20617 उपभोक्ताओं में से बिजली विभाग सिर्फ दो करोड़ की राशि ही वसूल पाया है। बिल निबटान योजना को सफल बनाने के लिए विभाग के मुख्य अधीक्षक अभियंता से लेकर लाइन मेन स्तर कर्मचारी लोगों को जागरूक करने में लगे हुए है ।
योजना को समाप्त होने में मात्र दस दिन का समय शेष रह गया है। बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता एसएस राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी विभागों पर लगभग एक करोड़ रुपये की राशि बकाया चली आ रही है उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना में शहरी, ग्रामीण घरेलू व गैर घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है। सरकार द्वारा उक्त योजना 20 सितंबर 2018 से शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत होडल डिवीजन के 4609 उपभोक्ताओं से दो करोड़ 25 लाख रुपये की राशि वसूल की जा चुकी है। जबकि इन बिजली उपभोक्ताओं को इस योजना से पांच करोड़ 23 लाख रुपये का लाभ मिला है। उन्होंने बकायेदारों उपभोक्ताओं से अपील करते हुए योजना के खत्म होने से पहले लाभ लेने की अपील की । बिजली डिफॉल्टरों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है।
कार्यकारी अभियंता एसएस राणा ने कहा कि बिजली विभाग के डिफॉल्टर उपभोक्ता अगर सरकार की इस योजना के बाद भी बकाया जमा नहीं कराते हैं तो उनके खिलाफ बिजली विभाग ठोस योजना के तहत कार्रवाई करेगा।