अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत
- निजी अस्पताल के पास टहलने आए व्यक्ति ने दी पुलिस को सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। शहर थाना इलाका स्थित पलवल - सोहना रोड पर निजी अस्पताल के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व पहचान के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस ने मामले में अस्पताल के समीप रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी बादाम ने बताया कि पलवल - सोहना रोड पर प्रेम जीवन अस्पताल के पास रहने वाले रज्जाक खान ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह 17 दिसंबर की सुबह सड़क पर टहलने आया तो देखा कि एक व्यक्ति घायल पड़ा हुआ है। जब उसने और पास जाकर देखा तो वह मृत मिला। इसके बाद रज्जाक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव को पहचान व पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और अज्ञात आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।