स्वास्थ्य विभाग ने भरे नमूने, विरोध
हथीन। हथीन बस अड्डा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा दुकानदारों के सैंपल लेने की प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों को विरोध का सामना करना पडा। पंचायत समिति के शॉपिंग कॉम्पलेक्स में स्थित एक दुकान का सैंपल जब मेडिकल अफसर संजय ले रहे थे तो दुकानदारों ने एकत्रित होकर उनके खिलाफ नारेबाजी कर विरोध किया। दुकानदारों का कहना था कि अधिकारी सैंपलिंग के नाम पर अवैध वसूली करते हैं। एक घंटे तक विरोध जारी रहा। उसके बाद हथीन थाना के एसएचओ कुलदीप पहुंचे तथा पुलिस संरक्षण में सैंपल लिए गए। मेडिकल अफसर संजय ने इस विषय में हथीन थाना पुलिस को सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत चार लोगों के खिलाफ की है। एसएचओ का कहना है कि जाँच जारी है। दूसरी तरफ हुकमचंद गर्ग का कहना है कि अधिकारी सैंपलिंग के नाम पर भय बना अवैध वसूली करते हैं।
संदिग्ध गेहूं के बोरे पकडे़
हथीन। ट्रैक्टर ट्रोली में संदिग्ध तौर पर जा रहे गेहूं के बोरों को लोकल पुलिस ने पकड़ लिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उक्त गेहूं सार्वजनिक वितरण प्रणाली का है। एसएचओ हथीन कुलदीप ने बताया कि फूड सप्लाई डिपार्टमेंट ने उक्त गेहूं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का मानने से साफ इंकार कर दिया है। इसके बावजूद पकडे़ गए गेहूं के मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जाँच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पांच स्कूलों में शुरू होगी अंग्रेजी की कक्षा
हथीन। पलवल जिले के पांच स्कूलों में शीघ्र ही नवमी कक्षा में अंग्रेजी माध्यम का शिक्षा सत्र शुरू किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि इस मामले में पूरे प्रदेश के 114 विद्यालयों की सूची स्वीकृत हुई है। प्रथम चरण में पलवल जिले के पांच विद्यालयों का चयन किया गया है। अंकित विद्यालयों को समग्र शिक्षा अभियान के द्वारा 15 हजार रुपये की राशि पुस्तकालय के लिए दी जाएगी जिसके अंतर्गत विद्यालय बुक बैंक के लिए कक्षा नवमी की पचास विज्ञान तथा पचास गणित की अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकें खरीदेगा। उपरोक्त राशि में पुस्तकों पर जिल्द चढ़ाने का खर्च भी शामिल है। उन्होंने बताया तुरंत प्रभाव से उक्त आदेशों की पालना की जा रही है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सौंध, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल कैंप, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कन्या अलावलपुर एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कन्या पलवल सिटी स्कूल इस सूची के प्रथम चरण में शामिल हैं।