बामनीखेड़ा में बाइक और कार सवारों ने चलाई गोलियां
- तीन लोग घायल, एक के फरसा मारकर किया घायल
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। राजमार्ग से सटे गांव बामनीखेड़ा में बाइक और कार सवार लोगों ने रविवार देर रात करीब 25-30 गोलियां चलाईं। इसमें तीन लोग घायल हो गए। वहीं आरोपियों ने एक युवक को फरसा मारकर भी घायल कर दिया। चारों घायलों को उपचार के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस वारदात में रंजिश से इंकार नहीं कर रही है।
सदर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि गांव बामनीखेड़ा निवासी नरेंद्र कुमार ने दी शिकायत में कहा है कि वह पलवल के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी करता है। रविवार को बैंक की छुट्टी होने के कारण नरेंद्र कुमार गांव में ही मौजूद था। रविवार को ही गांव निवासी निरंजन के रिश्ते की बात करने के लिए हसनपुर निवासी गुलशन और राधेश्याम अपने कुछ साथियों के साथ आए हुए थे। रिश्ते की बात करने के बाद उनके साथी वापस चले गए। गुलशन व राधेश्याम गांव में ही रुक गए। रात करीब साढ़े आठ बजे नरेंद्र, गुलशन, राधेश्याम और गांव निवासी आकाश गांव में ही राजमार्ग के किनारे खड़े हुए थे। उसी दौरान एक बाइक और दो कारों में गांव बामनीखेड़ा निवासी विष्णु, उमेश, किलोरी व गंगा, गांव हसनपुर निवासी बब्बू व फरीदाबाद निवासी अशोक हथियारों से लैस होकर आए और आते ही उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी।
थाना प्रभारी के अनुसार इस गोलीबारी में गुलशन की कमर में, अमन के पेट में और आकाश के पैर में गोली लगी और जबकि नरेंद्र के सिर पर आरोपियों ने तेज धारदार हथियार (फरसा) से हमला कर घायल किया गया है। बताया गया कि वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय आरोपियों ने अपनी बाइक को मौके पर ही छोड़ दिया। जिसे पुलिस के कब्जे में दे दिया गया है। गोलियों की आवाज सुनकर लोग एकत्रित हो गए तथा सभी घायलों को फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुलशन और अमन की हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस वारदात को रंजिश के नजरिये से भी देख रही है।