छात्रों को उतार रहे परिचालक को कार ने मारी टक्कर, घायल
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र में स्कूल बस से बच्चों को उतारते समय बस परिचालक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से परिचालक घायल हो गया और आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस के चालक की शिकायत पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अमित कुमार के अनुसार पलवल के गांव गहलब निवासी सतवीर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह ओम इंटरनेशनल स्कूल की बस पर चालक है और गिर्राज परिचालक है। 18 जनवरी को प्रतिदिन की तरह असावटा मोड़ पर गिर्राज बस से बच्चों को उतार रहा था। उसी समय तेज रफ्तार कार ने गिर्राज को टक्कर मार दी। घायल गिर्राज को आननफानन में उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया।
कंपनी से कॉपर कॉइल चोरी करने का आरोप
पलवल। सदर थाना क्षेत्र के गांव बघौला स्थित एवन ट्यूब टैग कंपनी से हजारों रुपये की कॉपर कॉइल चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कंपनी के जीएम की शिकायत पर कांट्रेक्टर सहित तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अमन के अनुसार पलवल के गांव बघौला स्थित एवन ट्यूब टैग कंपनी के जीएम समर महाप्रताप ने शिकायत दर्ज कराई है कि नेटवर्क एजेंसी के हाउस कीपिंग कांट्रेक्टर राजेश शर्मा, फरीदाबाद के संतोष नगर निवासी दुलीचंद व बल्लभगढ़ निवासी यशपाल ने 30 दिसंबर की रात को कंपनी से करीब दस हजार रुपये की कॉपर कॉइलों को चुरा लिया।
मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी
पलवल। शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद व आठ-दस अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुरेश के अनुसार पलवल निवासी अमरजीत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि पड़ोस में रहने वाले सुनील व भगवान सिंह ने अपने आठ-दस अन्य साथियों के साथ मिलकर 9 जनवरी को उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, मामला दर्ज
पलवल। नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। महिला थाना पुुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अमलेश के अनुसार पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 17 जनवरी को वह किसी काम से खेत की तरफ गई थी। वहां पहले से ही मौजूद गांव गढ़ी विनोदा निवासी धीरज ने उसे पकड़ लिया और खींचकर अंदर सरसों के खेत में ले गया। जहां पर धीरज ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। पीड़िता का शोर सुनकर उसके ताऊ का लड़का मौके पर आ गया, जिसे देख धीरज जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।