जिले में इनेलो व दुष्यंत चौटाला गुट में वर्चस्व बनाने की जंग तेज
- आज दुष्यंत चौटाला और कल अभय चौटाला का होगा स्वागत
-दोनों गुटों के नेता जुटे अपने-अपने नेताओं के स्वागत की तैयारियों में
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। इनेलो और दुष्यंत चौटाला गुट में जिले में अपना वर्चस्व बनाने की जंग तेज हो गई है। इनेलो से अलग होकर दुष्यंत चौटाला के साथ शामिल हुए नेता जहां 25 नवंबर को दुष्यंत चौटाला के पलवल आगमन की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं इनेलो विधायक केहर सिंह रावत व अन्य इनेलो नेता अभय चौटाला के 26 नवंबर को पलवल आगमन की तैयारियों में जुटे हैं। इनेलो नेताओं व दुष्यंत चौटाला गुट के नेताओं ने जिले में लाउड स्पीकर और संसाधनों तथा सोशल मीडिया के द्वारा प्रचार करना शुरू कर दिया है।
पलवल में 26 नवंबर को अभय चौटाला का राजमार्ग पर रेड रॉक पीवीआर के पास स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी राजेंद्र सिंह फोगाट अपने साथियों के साथ इनेलो में शामिल होंगे। उनके संयोजन में ही अभय चौटाला का स्वागत किया जाएगा। वहीं दुष्यंत चौटाला गुट के कार्यकर्ताओं द्वारा दुष्यंत चौटाला का 25 नवंबर को पुराने जीटी रोड पर पूर्व मंत्री कल्याण सिंह के पुत्र के संयोजन में स्वागत किया जाएगा। शनिवार को इनेलो विधायक केहर सिंह रावत, जिलाध्यक्ष अजीत बाबी ने पत्रकारों को बताया कि एसवाइएल सहित जनहित के मुद्दों को लेकर इनेलो पार्टी द्वारा अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। अधिकार यात्रा प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों से निकाली जाएगी। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के लिए 26 नवंबर को जिले के कई प्रमुख नेताओं व समाजसेवियों को इनेलो में शामिल कराने के लिए नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला पलवल आएंगे। उन्होंने बताया कि अधिकार यात्रा एक दिसंबर को कुरुक्षेत्र से शुरू की जाएगी जिसका नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला करेंगे। उन्होंने बताया कि यह अधिकार यात्रा प्रदेश में एसवाईएल के मुद्दे, प्रदेश में जीएसटी लागू करने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं करने तथा युवाओं को रोजगार नहीं देने सहित अन्य जनहित के मुद्दे को लेकर निकाली जाएगी। इस अवसर पर इनेलो के प्रदेश सचिव महेंद्र चौहान, हथीन के पूर्व विधायक रामजीलाल डागर, वरिष्ठ नेता डा. शक्ति सिंह रावत, महावीर चौहान, रतन सिंह सौरोत, कुंवर रमेश राणा, गिर्राज डागर, हरीरतन डबास, शहरी अध्यक्ष अशोक शर्मा, हल्काध्यक्ष महेंद्र भड़ाना, प्रवीन डागर, अनीता भारद्वाज, अज्जू डागर, सतेंद्र जाखड़, वेद पहलवान, किरण सिंह चेयरंमैन, रामपाल लीखी मौजूद रहे।
दूसरी ओर दुष्यंत चौटाला गुट के वरिष्ठ नेता भगत सिंह घुघेरा ने बताया कि चौटाला का 25 नवंबर को कार्यकर्ता भव्य स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि राजमार्ग से ही कार्यकर्ता काफिले के साथ उन्हें लेकर आएंगे। दुष्यंत चौटाला की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है तथा लोगों में उनके प्रति उत्साह है।