विवादित टिप्पणी से नाराज वकीलों ने फूंका मंत्री का पुतला
पलवल। मंत्री कृष्ण कुमार बेदी द्वारा वकीलों के प्रति की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में जिला न्यायालय के वकीलों ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव लांबा एडवोकेट और जिला कांग्रेस कमेटी लीगल सेल के चेयरमैन नरेंद्र चौहान के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद वकीलों ने मंत्री बेदी का पुतला फूंका।
लांबा ने कहा कि वकील समाज में अहम भूमिका निभाते हैं। वह गरीब और कमजोर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री ने वकील समुदाय के खिलाफ टिप्पणी करके अपनी ओच्छी व घटिया मानसिकता को दर्शाया है। भाजपा के मंत्री को वकील समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद करतार एडवोकेट सुरेंद्र डागर, एडवोकेट ओमबीर दलाल, जितेंद्र रावत, सौराव खान, ललित बघेल, अमरजीत तेवतिया, प्रवीण गोला, संतराम मेघवाल, मुबारक खान और चंद्रपाल तंवर मुख्य रूप से मौजूद रहे।