बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने पर हुआ छात्र का स्वागत
होडल । नेता जी सुभाष चंद्र एकेडमी के विशाल के स्वर्ण पदक जीतकर वापस आने पर बृहस्पतिवार को राजमार्ग पर स्वागत समारोह किया गया। विशाल ने महेंद्र गढ़ के कनीना में सीबीएसई स्कूल की ओर से आयोजित नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। विशाल ने बताया कि उनका लक्ष्य कॉमनवेल्थ खेल में अपने देश का नाम रोशन करने का है । विशाल के कोच अशोक सौरोत ने जानकारी देते हुए बताया कि विशाल ने यह पदक 19 वर्ष आयु वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में जीता है। इस प्रतियोगिता में सीबीएसई के चारों जोन तथा सऊदी अरब, ओमान व दुबई के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। प्री- क्वार्टर में विशाल ने पूर्वी जोन के बॉक्सर, क्वार्टर फाइनल में वेस्ट जोन, सेमीफाइल में नार्थ जोन तथा फाइनल में दक्षिण जोन के तमिलनाडु के खिलाड़ी को हराया। अब विशाल पुणे में आयोजित होने वाली खेलो इंडिया प्रतियोगिता में सीबीएसई की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।