दो बाइक आमने-सामने भिड़ीं, दो लोग गंभीर
हथीन। गाँव रूपडाका के पास दो बाइक आमने-सामने भीड़ गयीं। जिससे एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार गाँव ममोलाका निवासी फारुख अपनी पत्नी रोशनी के साथ बाइक पर दवाई लेने अलवर जा रहा था। सामने से उटावड निवासी मुस्तफा बाइक से हथीन की तरफ आ रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में फारुख और उसकी पत्नी रोशनी एवं मुस्तफा को गहरी चोटें आई हैं। तीनों को हथीन सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहाँ से उन्हें नल्हड मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। हालत में खास सुधार न होने पर मुस्तफा को नल्हड से ट्रामा सेंटर दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है। ब्यूरो
तीन कुख्यात बदमाश गिरफ्तार
हथीन। बहीन थाना पुलिस ने कोट गाँव के कुख्यात बदमाश काला के भाई नदीम सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी बहीन रामदयाल ने बताया कि नदीम के अलावा कोट गाँव निवासी नूरदीन एवं पल्ला निवासी आमीन को गो-हत्या बंदी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। तीनों के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं जिनमें वो फरार चल रहे थे। ब्यूरो
बाइक चोरी का मामला दर्ज
हथीन। बाइक चोरी होने की शिकायत शहर के हथीन थाना में रूपडाका निवासी माजिद खान ने दर्ज कराई है। जाँच अधिकारी शीशराम ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके बाइक की तलाश की जा रही है।
ट्रैक्टर की चपेट में आ बाइक सवार घायल
हथीन। गाँव रनसीका में बाइक को तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक मौसीन को चोटें आई हैं। बूराका निवासी पीड़ित मौसीन के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जाँच अधिकारी शीशराम ने बताया आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।