बामनीखेड़ा से नांगल ब्राह्मण तक सड़क जर्जर
पलवल। बामनीखेड़ा से नांगल ब्राह्मण होते हुए रसूलपुर जाने वाले लिंक मार्ग की सड़क पिछले काफी समय से टूटी पड़ी है। यहां से रोज आवागमन करने वालों को परेशानी हो रही है। लोगों ने मांग की है कि इस सड़क की मरम्मत कराई जाए। लोगों ने इस बारे में अब सीएम विंडो पर भी शिकायत की है।
रोड से होकर कई गांवों के लोग इसी रास्ते से आते-जाते हैं जिससे लोगों को वाहनों से निकलने में काफी दिक्कत होती है। दुपहिया वाहन चालक तो आए दिन इस रोड पर गिरकर चोटिल तक हो जाते हैं। बड़े वाहनों से पत्थर उछलकर पैदल जाने वालों पर जा गिरते हैं। ग्रामीण विजय, शिवराम, राकेश और राहुल का कहना है कि इस रोड के बारे में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की है कि रोड की सड़क को फिर से तोड़कर ठीक से बनाया जाए।