जन्म तिथि में बदलाव कर धोखे से सेना की नौकरी पाई, मुकदमा दर्ज
हथीन। एक ओवर एज युवक ने जन्म तिथि में परिवर्तन कर भारतीय सेना में नौकरी पा ली। शिकायत मिलने पर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी एवं रिकॉर्ड में गड़बड़ी करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी धर्मेन्द्र ने बताया कि गांव रीन्डका निवासी अमीचंद ने पुलिस अधीक्षक पलवल को 24 मार्च 2018 को शिकायत दी थी। गांव रीन्डका निवासी एक युवक ने दसवीं क्लास की परीक्षा शिवराम पुत्र तेजपाल के नाम से मार्च 2009 में रोल नंबर 2208727757 के तहत परीक्षा दी थी। जिसमें जन्म तिथि 18 जनवरी 1991 अंकित है। इसके बाद उक्त युवक ने हरियाणा ओपन शिक्षा बोर्ड में 2014 में रोल नंबर 1422210094 के तहत दसवीं की दोबारा परीक्षा दी। जिसमें जन्म तिथि 20 अक्टूबर 1996 दर्ज है। यह परीक्षा शिवकुमार पुत्र तेजपाल धनकर के नाम से दी। इसके बाद भारतीय सेना में हरियाणा ओपन शिक्षा बोर्ड के प्रमाण पत्र से भर्ती हो गया। जांच अधिकारी ने बताया कि आर्थिक जांच शाखा के अधिकारियों ने शिक्षा बोर्ड भिवानी के कार्यालय में जाकर जांच की। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ता अमीचंद का आरोप है कि उक्त युवक सेना की नौकरी पाने के मामले में ओवरऐज हो गया था। अपने आप को ओवरऐज से बचाने के लिए पांच साल बाद दोबारा परीक्षा दी और जन्म तिथि में परिवर्तन कर सेना की नौकरी पा ली। जांच अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।