केजीपी पर ट्रोला की टक्कर से सड़क के किनारे खड़े दो कैंटर चालकों की मौत
पलवल। कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे) पर मंगलवार को एक ट्रौला की टक्कर से कैंटर के दो चालकों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चांदहट थाना पुलिस ने मौके पर जाकर मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके अलावा घायल का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालांकि घायल की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। ट्रोला चालक दुर्घटना के बाद ट्रोला को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रोला को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला गाजियाबाद के गांव छजारसी निवासी संजय नोएड़ा निवासी जलज कुमार नामक व्यक्ति के ट्रक पर चालक था। उसी मालिक के दूसरे केंटर पर यूपी के ही जिला हापुड़ सहवाजपुर निवासी रतिराम चालक था। संजय और रतिराम दोनों चालक केजीपी के रास्ते कैंटरों में परचून का सामान भरकर नोएडा से रेवाड़ी के लिए लेकर जा रहे थे। जब वे केजीपी पर पलवल के पास गांव कटेसरा के नजदीक पहंचे तो वहां सड़क किनारे कैंटरों को रोककर खड़े हो गए। दोनों चालक कैंटरों के टायरों की हवा जांचने लगे, तभी पीछे से तेज गति में आए एक ट्रोला ने संजय व रतिराम को कुचल दिया। वहां खड़ा एक अन्य व्यक्ति भी ट्रोला की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में संजय व रतिराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर दुर्घटना होते ही वहां अन्य वाहन रुक गए तथा लोगों ने जब दुर्घटना के बाद दोनों चालकों की हालत को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। घायल व्यक्ति की पुलिस शिनाख्त करने में जुटी हुई है। उसकी हालत अभी गंभीर है तथा वह होश में नहीं है।