अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से व्यक्ति की मौत
पलवल। राजमार्ग पर ओमेक्स सिटी के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुुसार रहराना गांव निवासी चत्तर सिंह मोटरसाइकिल पर अपने गांव जा रहा था। जब वह ओमेक्स सिटी के सामने पहुंचा तो कोई अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग गया। टक्कर लगने से चत्तर सिंह गिर पड़ा तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर आ गई तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने उसके बेटे अजय के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
चोरों ने घर पर किया हाथ साफ
पलवल । गांव पृथला में अज्ञात चोर एक मकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये की नगदी, सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी नरेंद्र के अनुसार गांव पृथला निवासी अनिल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 16 जुलाई की देर रात अज्ञात चोर उसके मकान का ताला तोड़ घर में से 15 हजार रुपये , एक सोने की चैन व चांदी की एक पाजेब , दो चुटकी चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।