बाइक सवार दंपत्ति कैनाल में गिरे, महिला की मौत
हथीन। हथीन-नूंह स्टेट हाईवे पर शुक्रवार रात गुरुग्राम कैनाल के पुल पर बाइक अनियंत्रित होने से बाइक सवार दंपत्ती कैनाल में गिर गए। हालांकि पति को सुरक्षित निकाल लिया गया लेकिन महिला की जान नहीं बच पाई।
हथीन निवासी निज्जर उर्फ भूरु पत्नी तब्बसुम के साथ कैराका जिला नूंह बाइक से जा रहा था। बीती रात्रि को जैसे ही वह बिघावली गांव के निकट स्थित कैनाल के पुल पर पहुंचा तो उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बाइक सवार दंपत्ती भी बाइक समेत कैनाल में गिर गए। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने युवक निज्जर को सुरक्षित निकाल लिया लेकिन पत्नी को कई घंटे बाद भी नहीं निकाल पाए। इसके बाद मौके पर पहुंची हथीन के थाना प्रभारी कृष्णकान्त और उनकी टीम ने लोकल गोताखोरों को मौके पर बुलाया और तलाश कराई। कई घंटे तक उसकी तलाश होती रही। रात्रि को बारह बजे के आस-पास कैनाल में कांटे डालकर प्रयास किये गए। उसके बाद महिला की लाश निकल पाई। सूत्रों के मुताबिक जिस समय निज्जर कैनाल पुल पर पहुंचा था उसके सामने अचानक हाई लाइट वाली गाड़ी आ गयी इस कारण उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई।