जलभराव होते ही सड़कों पर तैरने लगी नालों की गदंगी
- प्रशासन बेफिक्र : अधिकारियों की बेरुखी की खामियाजा भुगत रहे शहर के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। नगर परिषद, जन स्वास्थ्य व राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों की बेरुखी का खामियाजा फिर से शहरवासियों को उठाना पड़ा। बृहस्पतिवार को सुबह से शुरू हुई बरसात के कारण शहर की विभिन्न कॉलोनियों में ही नहीं राजमार्ग पर भी पूरी तरह से जलभराव हो गया। कई गांवों में भी यही हालत नजर आई, जहां बच्चों को स्कूल जाते समय जलभराव व कीचड़ के कारण जूतों को हाथ में उठा कर स्कूल जाना पड़ा। उसके बावजूद अधिकारी इस बात पर अड़ते नजर आए कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त है और नालों व नालियों की सफाई करा दी गई है। जबकि जलजमाव होते ही नाले-नालियों से गंदगी निकलकर सड़कों पर तैरने लगी।
सुबह करीब सात बजे बरसात शुरू हो गई। जैसे-जैसे बरसात तेज होती गई, शहर में जलभराव होना शुरू हो गया। बरसात तेज होने के साथ ही शहर की कृष्णा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, तुहीराम कॉलोनी, प्रकाश विहार, मोहन नगर, दया बस्ती, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और राम नगर सहित दर्जनों कॉलोनियों में जलभराव हो गया। वहीं, राजमार्ग पर भी बस अड्डा से लेकर अलीगढ़ चौक तक और सचिवालय के मुख्य द्वार पर इतना जबरदस्त जलभराव हो गया कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। बस अड्डा से अलीगढ़ चौक तक तो जलभराव के साथ नालों व नालियों में भरी पड़ी गंदगी बाहर सड़कों पर तैरने लगी।
इस बात को जब जिला प्रशासन की बैठक में उठाया गया तो नगर परिषद, एनएचएआइ व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एक सुर में सुर मिलाते हुए दावा किया कि शहर में नालों व नालियों की सफाई कराई जा चुकी है तथा कहीं भी जलभराव नहीं होगा। इतना ही नहीं गदंगी को लेकर लोगों पर ही सड़कों पर डालने के आरोप तो लगा दिए, लेकिन समाधान की बात नहीं की। जिस पर उपायुक्त ने अधिकारियों को जल्द सफाई करा पानी निकासी के इंतजाम कराने के आदेश दिए।
होडल में गलियां तक जलमग्न
होडल। शहर में बुधवार की सांय से शुरू हुई बरसात से एक बार फिर शहर के बाजार से लेकर कॉलोनियों की गालियां तक जलमग्न हो गईं। मौसम विभाग ने अगले दो तीन दिनों तक इसी तरह बारिश की संभावना जताई है। बरसात एक तरफ किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। दूसरी तरफ सड़कों पर जलभराव से लोगों की आफत बनी हुई है। शहर का बस स्टैंड एक बार फिर तालाब बन गया। मेन बाजार की सड़कों पर भी कई जगह जलभराव हुआ। इसके अलावा सब्जी मंडी, हसनपुर चौक, पुन्हाना मोड़, नानक डेरी रोड सहित कॉलोनियों के कुछ हिस्से में पानी भर गया।
खेती को हो रहा फायदा
कृषि विशेषज्ञ महावीर मालिक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बरसात के इस दौर से खेती को फायदा हो रहा है। धान और गन्ना उत्पादक किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है ।उन्होंने कहा कि इस तरह से रुक-रुककर बरसात होती है तो खेती को खूब लाभ मिलेगा बरसात का पानी फसल की जड़ो में जायेगा।