दस घंटे में की अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाया युवक को
- दो अपहरणकर्ता भी किए गए गिरफ्तार, कट्टा और कारतूस बरामद
-पुलिस कप्तान ने थपथपाई पुलिस टीम की पीठ
पलवल। बस अड्डा से 22 दिसंबर को धोखे से बुलाकर अपहरण किए गए 22 वर्षीय बहरौला निवासी संदीप को होडल पुलिस की अपराध जांच शाखा टीम मात्र दस घंटे में ही अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पुलिस ने देशी कट्टा व कुछ कारतूस भी बरामद किए हैं। अपराध जांच शाखा टीम की इस सफलता पर पुलिस कप्तान विनोद कौशिक ने मंगलवार को पीठ थपथपाई।
पुलिस कप्तान ने बताया कि अपहरण किए गए संदीप को पिंडवाक्वारी मुरैना मध्य प्रदेश के जंगलों में बने एक कमरे से छुड़ाया गया है। कप्तान ने बताया कि बहरौला गांव निवासी संदीप का 22 दिसंबर को राधे ने बस अड्डा पर धोखे से बुलाकर अपहरण कर लिया था। पीड़ित राधे को पहले से जानता है। इसके बाद अपहरणकर्ता ने संदीप के ही फोन से कॉल कर उसके पिता से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके अलावा पुलिस को बताने पर संदीप को जान से मारने की धमकी भी दी। जब दूसरे दिन 23 दिसंबर को संदीप के पिता ने 15 लाख रुपये की उनकी मांग पूरी नहीं की तो उन्होंने फिर से फोन किया तथा फिरौती रकम तुरंत भिजवाने को कहा। संदीप के पिता द्वारा गिड़गिड़ाने पर अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की रकम घटाकर 10 लाख रुपये कर ली। उन पैसों को तुरंत पहुंचाने को कहा। इसके बाद उन्हाेंने इसकी सूचना डीएसपी रमेश कुमार को दी। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर होडल अपराध जांच शाखा प्रभारी उमर मोहम्मद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इसके बाद मोबाइल फोन की लोकेशन निकालकर एक टीम को मुरैना भेज दिया। शाखा प्रभारी उमर मोहम्मद टीम के साथ पिंडवाक्वारी मुरैना के बीहड जंगल में बने एक कमरे के पास पहुंच गए। कप्तान ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने वहां कमरे के आसपास बिजली का करंट छोड़ा हुआ था, जिसके कारण प्रभारी उमर मोहम्मद को करंट लग गया, परंतु उसकी परवाह न करते हुए भी उन्होंने अपनी टीम के साथ अपहरणकर्ता राजबीर उर्फ बंटी निवासी पिंडवाक्वारी मुरैना व मोहित निवासी अजीतपुर मुरैना को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से संदीप को सकुशल छुड़ा लिया।
कप्तान विनोद कौशिक ने बताया कि पुलिस टीम की इस कामयाबी से पलवल पुलिस को बड़ी सफलता मिला है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके और भी साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उधर संदीप को सकुशल लाने पर परिजनों ने भी पुलिस टीम का आभार जताया है।