लीड
20 फीसदी सीट बढ़वाने की मांग में भाजपा की छात्र विंग ने फूंका शिक्षामंत्री का पुतला
-मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे शिक्षामंत्री राम विलास शर्मा
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सरकारी कॉलेजों में 20 फीसदी सीट बढ़वाने और कॉलेजों में डीएड जेबीटी का कोर्स फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपा की छात्र संघ इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राजकीय अंबेडकर महाविद्यालय में प्रदेश के शिक्षामंत्री राम विलास शर्मा का पुतला फूंका। पुतला परिषद के जिला संयोजक योगेश कौशिक के नेतृत्व में फूंका गया।
योगेश कौशिक ने बताया कि सरकारी कालेजों में विभिन्न कोर्स में 20 प्रतिशत सीट बढ़वाने, सरकार द्वारा जेबीटी (डीएड) कोर्स को सरकारी कालेजों मे बंद करने के विरोध में शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में कई बार परिषद द्वारा अधिकारियों, नेताओं और शिक्षा मंत्री को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार न तो कालेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भर रही है और न ही स्नातकोत्तर कक्षाएं ठीक से शुरू कर रही है। इसका खामियाजा भी सरकार को चुनावों में भुगतना पड़ सकता है। अब अभा विद्यार्थी परिषद ही सरकार के खिलाफ खुलकर छात्रों के हित के लिए लड़ाई लड़ेगी। इस मौके पर नगर मंत्री हितेश वशिष्ठ, नगर सहमंत्री जीतू निगम, छात्र नेता गजेंद्र तेवतिया, दलीप राणा, दीपक राणा, पवन भारद्वाज, लोकेश, हरीश, तरूण, श्यामसिंह, राजकुमार सहित सैकड़ो छात्र मौजूद रहे।