परियोजना के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की होगी स्थापना
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में नगर परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। नगर परिषद करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित करने जा रही है। इस परियोजना के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) की स्थापना की जाएगी। इसी सेंटर से पूरे निगरानी तंत्र का केंद्रीय संचालन होगा।
नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. यशपाल ने बताया कि परियोजना के लिए विस्तृत सर्वे कार्य पूरा हो चुका है और वित्त एवं अनुबंध समिति से स्वीकृति भी मिल चुकी है। प्रस्ताव को आगे की कार्रवाई के लिए निदेशालय को भेज दिया गया है। पहले चरण में शहर के 50 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों को सीसीटीवी निगरानी के दायरे में लाया जाएगा। इन स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रमुख गतिविधियों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी। शहर के प्रमुख बाजारों, एंट्री-एग्जिट पॉइंट और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया है।
आईसीसीसी के माध्यम से चौबिस घंटे रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी। यह प्रणाली पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। डॉ. यशपाल ने कहा कि उनका लक्ष्य शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक-सक्षम शहर बनाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह योजना शहर को प्रदेश में सुरक्षा का मॉडल बनाते हुए शहरी प्रबंधन में नई पहचान दिलाएगी।