न्यू रेलवे रोड पर शुक्रवार की दोपहर सिटी बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। इससे गुस्साई भीड़ ने रेलवे रोड और बस अड्डा सहित शहर के चार स्थानों पर रोडवेज की करीब 25 बसों में तोड़फोड़ की।
इस घटना के बाद करीब सात घंटे तक रेलवे स्टेशन और हुडा सिटी मेट्रो स्टेशन रूट पर सिटी बस सेवा रोक दी गई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। जबकि, बस में तोड़फोड़ के आरोप में तीन छात्र गिरफ्तार किए गए हैं।
सूरत नगर फेस एक का पप्पू कुमार यादव (22) शुक्रवार की दोपहर इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स की क्लास खत्म कर घर लौटने के लिए द्रोणाचार्य कॉलेज के पास सिटी बस (संख्या एचआर-55 आर-3513) पर चढ़ रहा था।
इसी दौरान गेट के हैंडल से हाथ फिसलने के कारण वह नीचे गिर पड़ा। बस के टायर के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक साल पहले वह डीएमआरसी में बुकिंग क्लर्क था।
घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान आसपास के लोगों और कॉलेज व कोचिंग इंस्टीच्यूट के छात्रों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद न्यू रेलवे रोड, गुड़गांव गांव मोड़, फव्वारा चौक और बस अड्डे में घुसकर रोडवेज बसों में तोड़फोड़ की गई। बसों में तोड़फोड़ के दौरान पांच एसी बसों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
काफी देर बाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे एसीपी सिटी और थाना प्रभारी ने उत्पातियों को वहां से भगाया। न्यू कॉलोनी पुलिस ने बस संख्या के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।