हरियाणा में कुतुबपुर के पास शनिवार सुबह एक निजी बस ने दुकान पर रिपेयरिंग के लिए खंडे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत और पांच लोग घायल हो गए। घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक बस महेंद्रगढ़ से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में बस खराब होने पर बस चालक ने पीछे से आ रही निजी बस को रुकवा कर पांच युवकों को उसमें बैठा दिया। बस में भीड़ के कारण पांचों युवक बस परिचालक के साथ खिड़की में खड़े हो गए थे।
कुतुबपुर में गोशाला के पास बस सड़क पर एक ऑटो रिपेयर की दुकान पर खड़े ऑटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो दूर जाकर गिरा। हादसे में बस परिचालक लिसाना निवासी किशोर की मौत हो गई।
साथ ही पांचों युवक नांगल मूंदी के 20 वर्षीय नवीन, 22 वर्षीय सतें, मूंदी निवासी 17 वर्षीय मोनू, मूंदी निवासी मोनू और दिदौली निवासी 22 वर्षीय नवीन घायल हो गए है।