कैथल में हरियाणा फैंसिंग एसोसिएशन की ओर से आरकेएसडी स्कूल मेें आयोजित हो रही प्रदेश स्तरीय तलवारबाजी प्रतियोगिता के लिए कैथल महज एक आयोजन स्थल बनकर रह गया है।
प्रतियोगिता में कैथल जिले से नाममात्र ही खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यहां तक कि बच्चों को प्रतियोगिता देखने के लिए भी नहीं बुलाया गया है। ऐसे में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन कैथल में क्यों किया गया, यह समझ से बाहर है। वहीं, अमर उजाला ने जब इस संबंध में पूछा तो आनन-फानन में कैथल से तीन खिलाड़ियाें को प्रतियोगिता में शामिल किया गया।
जिला फैंसिंग एसोसिएशन के ऑर्ब्जवर राजपाल कादियान ने कहा कि कैथल में इस खेल के खिलाड़ी कम हैं। जिस कारण जागरूकता फैलाने के लिए प्रतियोगिता यहां करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा ओलंपिक संघ ने सभी खेलों के प्रदेश स्तरीय मुकाबले 20 सितंबर तक आयोजित करवाने के निर्देश जारी किए हैं। इसी उद्देश्य के चलते इसका आयोजन किया गया।
कैथल में इसके आयोजन का उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को इस खेल से अवगत करवाना था। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन प्रतियोगिता का खर्च उठा रहा है।
प्रदेश भर से ले रहे हैं 400 खिलाड़ी भाग
प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 जिलों के करीब 400 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन स्थल पर जिले का एक भी खिलाड़ी और आयोजक नहीं है।
जिले के किसी भी व्यक्ति को प्रतियोगिता की सूचना नहीं है। प्रतियोगिता के आयोजन में हालांकि जिला प्रशासन भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
डीसी एनके सोलंकी और एसपी कुलदीप सिंह यादव प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे थे। ओलंपिक में शामिल इस खेल का आयोजन इसलिए किया गया था कि कैथल में खिलाड़ियों को इस खेल के बारे में जानकारी मिल सके। शनिवार को शुरू हुई प्रतियोगिता में केवल प्रतिभागी ही नजर आए।
शहर वासी सुभाष कुमार, सतीश सिंह, मनोज, रोहित ने बताया कि अखबारों के माध्यम से ही प्रतियोगिता के आयोजन की जानकारी मिली है। जब वे इसे देखने के लिए पहुंचे तो पता ही नहीं चला कि प्रतियोगिता में मुकाबले कहां हो रहे हैं।
जिला खेल विभाग को नहीं सूचना
जिला खेल अधिकारी यशवीर सिंह गोयत ने बताया कि यह प्रतियोगिता किसी स्टेट एसोसिएशन की ओर से करवाई जा रही है। उन्हें सिर्फ यही सूचना है।
प्रतियोगिता में विभाग की किसी प्रकार की प्रतिभागिता नहीं है।
वहीं, प्रतियोगिता के आयोजन का सारा खर्च जिला प्रशासन उठा रहा है।
‘कैथल के खिलाड़ी क्यों नहीं मुझे नहीं पता’
इस संबंध में हरियाणा फैंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कैथल के डीसी एनके सोलंकी ने कहा कि यह ओलंपिक का खेल है। जिसमें कुल 48 मेडल होते हैं।
ओलंपिक में शुरू से लेकर अब तक चल रहे इस खेल के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया गया है। कैथल के खिलाड़ी क्यों नहीं है, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
इसके आयोजन का खर्च जिला फैंसिंग एसोसिएशन द्वारा उठाया जाएगा। छुट्टी हो जाने के कारण भी बच्चे देखने के लिए नहीं पहुंचे।